शादियों के चलते शुक्रवार को हॉट सिटी भीषण जाम से जूझी, मिनटों का सफर घंटों में तय हो सका। वैशाली मेट्रो स्टेशन से मोहन नगर तक और वैशाली सेक्टर-7 से सेक्टर-5 पुलिया तक दो घंटे तक भीषण जाम की स्थिति रही।
शाम साढ़े सात बजे से 12:30 बजे तक दिल्ली बार्डर पर वाहन चालक जाम से जूझते रहे। इधर, एनएच-24 व जीटी रोड पर भी जाम लगा रहा।
शादियों के दौरान शुक्रवार शाम को बैक्वेट हॉल और फार्म हाउसों के बाहर सड़क पर ही गाड़ियां पार्क होने से हालात और खराब हो गए।
लिंक रोड पर बने फॉर्म हाउस के सामने आधी सड़क वाहनों की पार्किंग की वजह से संकरी हो गई। यही हाल वैशाली का भी रहा। करीब दो से ढाई घंटे तक लोगों को जाम से हुई परेशानी का सामना करना पड़ा।
मोहन नगर पर आज रात से डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस ने मोहन नगर को सिग्नल फ्री करने की पूरी तैयारी कर ली है। डायवर्जन शनिवार रात से लागू होगा। इसके पीछे कारण डायवर्जन को लेकर आधी-अधूरी तैयारियों को माना जा रहा है।
डायवर्जन के कारण लोगों को सोमवार सुबह से जाम झेलना पड़ सकता है। मेट्रो निर्माण के चलते मोहन नगर चौराहे को बंद करने के लिए पिछले सप्ताह डीएमआरसी ने लिंक रोड से मोहन नगर जाने वाले रास्ते पर बने डिवाइडर को तोड़ दिया था।