फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज करेंगे दिल्ली में चुनावी अभियान का शंखनाद, चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा

Sun, 22 Dec 2019 05:26 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
विज्ञापन
रामलीला मैदान, दिल्ली - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

दिल्ली में विधानसभा चुनाव की बिसात बिछ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को रामलीला मैदान में धन्यवाद रैली के जरिये भाजपा के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे। इसे लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारी पूरी कर ली है। 

विज्ञापन


8 फुट ऊंचे और 80 फुट लंबे मंच से प्रधानमंत्री हजारों लोगों की भीड़ को संबोधित करेंगे। अनधिकृत कॉलोनियों को अधिकृत करने पर हो रही धन्यवाद रैली में प्रदेश भाजपा 11.5 लाख धन्यवाद हस्ताक्षर वाले पत्र भी उन्हें सौंपेगी।

दिल्ली में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गैर चुनावी रैली कर रहे हैं। चुनाव के ठीक पूर्व हो रही रैली को लेकर भाजपा नेता काफी उत्साहित हैं। नेताओं का कहना है कि मोदी के भाषण के बाद मिली लाइन को लेकर भाजपा रविवार से चुनाव मैदान में कूद पड़ेगी। 
विज्ञापन


उन्हें पता चल जाएगा कि नागरिकता संशोधन कानून, राम मंदिर, कच्ची कॉलोनियों को अधिकृत होने के मुद्दे पर आगामी चुनाव में क्या स्टैंड रखना है। कयास हैं कि रैली में प्रधानमंत्री नागरिकता संशोधन कानून पर हो रहे बवाल पर अपनी बात रखेंगे। 

दिल्ली में केंद्र सरकार की पहल पर विकास कार्यों का जिक्र करेंगे। इसमें कच्ची कॉलोनियों को पक्की करने, छोटे दुकानदारों को रिहायशी इलाकों में व्यापार करने की अनुमति आदि से वे कांग्रेस व आप पर निशाना साधेंगे। एनआरसी पर भी प्रधानमंत्री बोल सकते हैं।

रैली को सफल बनाने के लिए भाजपा नेताओं में होड़ है। दरअसल अधिकतम भीड़ जुटाकर भाजपा नेता टिकट के दावेदारी भी पेश करेंगे। टिकट के दावेदार पूरी दिल्ली में पोस्टर और होर्डिंग लगा चुके हैं। अब शक्ति परीक्षण की बारी है। 

लोगों को ज्यादा बसें भरकर रैली में लाने का लक्ष्य दिया गया है। शनिवार को अनधिकृत कॉलोनियों, झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों के बीच भाजपा नेताओं ने बाकायदा पर्चे बांटकर रैली के बारे में जानकारी दी। कच्ची कॉलोनियों की आरडब्ल्यूए और मार्केट एसोसिएशनों से भी संपर्क साधा गया है।

दिल्ली के विभिन्न स्थानों से चलेंगी 2700 बसें
कांग्रेस की हाल में हुई रैली की सफलता के बाद भाजपा के लिए भी धन्यवाद रैली को सफल बनाने की चुनौती है। इसे लेकर भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। करीब 2700 बसें दिल्ली में जगह-जगह तैनात की गई हैं, ताकि रैली स्थल तक अनधिकृत कॉलोनियों के लोगों को पहुंचाया जा सके। 

भीड़ में किसी तरह की कमी नहीं रह जाए, इसके लिए प्रदेश भाजपा ने संसदीय क्षेत्र से लेकर मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। अनधिकृत कॉलोनियों में लाखों पंफलेट वितरित किए गए हैं। रैली में आसपास के राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी भीड़ जुटाने की तैयारी है। इसके लिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें तैनात की गई हैं। पार्टी का प्रयास है कि दिल्ली की हर अनधिकृत कॉलोनी से कम से कम दो बसें भरकर रैली स्थल तक पहुंचाई जाएं।

मंच पर 30 नेताओं को मिलेगा स्थान
धन्यवाद रैली के लिए 80 फुट लंबा मंच तैयार किया गया है। इस पर प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री, दिल्ली के चुनाव प्रभारी, प्रदेश प्रभारी, पूर्व अध्यक्ष, सांसद, तीनों मेयर समेत कुल 30 लोग बैठेंगे। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था होगी। 200 सीसीटीवी कैमरों से रैली स्थल की मॉनिटरिंग होगी। मंच के समीप दो और पूरे रैली स्थल पर एक दर्जन से अधिक एलईडी लगाए गए हैं। 

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल गिहारा ने बताया कि अनधिकृत कॉलोनियों के लोग ‘मोदी जी धन्यवाद, आपने घर का मालिकाना हक दिया’ लिखी बड़ी तख्ती प्रधानमंत्री को मंच पर जाकर सौंपेंगे और उन्हें धन्यवाद देंगे।

विज्ञापन

रैली के दौरान हमले की आशंका

केंद्र सरकार के हालिया फैसलों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठनों के टारगेट पर हैं। एसपीजी और दिल्ली पुलिस को दिए इनपुट में खुफिया एजेंसियों ने आशंका जताई है कि रविवार को रामलीला मैदान में होने वाली धन्यवाद रैली के दौरान आतंकी भीड़ में घुसकर उन पर हमला कर सकते हैं। 

खुफिया एजेंसियों का यहां तक कहना है कि जैश-ए-मोहम्मद ने अपने कुछ आतंकियों को दिल्ली भेज भी दिया है। इसे लेकर पूरी राजधानी में अलर्ट जारी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। जगह-जगह बेरीकेड लगाकर वाहनों की तलाशी ली जा रही है।

खुफिया एजेंसियों को मिले इनपुट में कहा गया है कि नागरिकता संशोधन कानून, राम जन्मभूमि को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले, कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने के बाद से पाक में बैठे आतंकी संगठन बौखलाए हुए हैं। ये लगातार प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह को निशाना बनाने की फिराक में हैं। ताजा इनपुट में पता चला है कि जैश ने अपने कुछ गुर्गे दिल्ली भेज दिए हैं। 

वे प्रधानमंत्री की रैली में घुसकर उन पर हमला कर सकते हैं। लश्कर-ए-तैयबा भी इसी तरह के हमले की फिराक में है। रविवार को होने वाली रैली में प्रधानमंत्री के अलावा एनडीए से जुड़े अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में एजेंसियों ने पूरे रामलीला मैदान और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें