तीनों नगर निगम के उपचुनाव परिणाम ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समेत पांच सांसदों को भी करारा झटका दिया है। चार सांसदों के इलाकों में भाजपा का खाता भी नहीं खुल सका जबकि एक सांसद के इलाके में तीन में से मात्र एक ही सीट पर भाजपा जीत सकी।
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय के प्रभाव वाले दक्षिण दिल्ली नगर निगम के सात वार्डों में से भाजपा मात्र एक ही सीट पर जीतने में कामयाब हुई। वह प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले इस नगर निगम की सबसे ताकतवर माने जाने वाली स्थायी समिति के अध्यक्ष थे।
भाजपा सांसदों में केवल डा. हर्षवर्धन के चांदनी चौक व प्रवेश वर्मा के पश्चिमी दिल्ली संसदीय क्षेत्रों में ही भाजपा को जीत नसीब हो सकी। चांदनी चौक के तीन वार्डों में उपचुनाव हुआ, जिनमें से भाजपा वजीरपुर और शालीमार बाग वार्ड में जीत सकी, उसे बल्लीमारान वार्ड में हार का सामना करना पड़ा। पश्चिमी दिल्ली के तीन वार्डों में से भाजपा केवल नवादा वार्ड में ही जीत हासिल कर सकी। इस क्षेत्र के मटियाला और विकास नगर वार्ड में भाजपाउम्मीदवार हार गए।