आम आदमी पार्टी सरकार और भाजपा की तू तू मैं मैं के बीच एमसीडी चुनाव के सेमीफाइनल में कांग्रेस फायदा उठाने में कामयाब रही है। उप चुनाव वाले 13 वार्डों में से 12 में विधानसभा चुनाव के दौरान आप आगे थी लेकिन अब उसे पांच सीटों पर संतोष करना पड़ा।
जाहिर है कि पंजाब विधानसभा चुनाव व अगले ही वर्ष दिल्ली नगर निगम के चुनावों में कांग्रेस इस परिणाम के आधार पर अपने लौटते जनाधार को बढ़ाने की कोशिश करेगी। वैसे तो इस उपचुनाव में 13 में से पांच सीटें जीतकर आप नंबर वन पर है और उसकी एंट्री भी नगर निगम में हो गई लेकिन यह परिणाम उसे संतुष्ट करने वाले नहीं हैं।
2015 विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस उपचुनाव में आप का मत प्रतिशत करीब 24 फीसदी घटा है। आप को दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में भी झटका लगा, इसमें चारों सीटें एबीवीपी के हाथ लगी।
इसके बाद अब एमसीडी के चुनाव 2017 से पहले 13 सीटों पर हुए उपचुनाव को एमसीडी चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा था। कांग्रेस इस बार अप्रत्याशित रूप से चार सीटों को झटकने में कामयाब रही।