लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने रविवार को पुलिस लाइन में करीब 5 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से तैयार नए प्रशासनिक भवन का शुभारंभ किया।
उन्होंने प्रशासनिक भवन के प्रांगण में पौधारोपण कर जनसाधारण को पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस मौके पर उनके साथ सोहना के विधायक तेजपाल तंवर भी मौजूद थे।
लोक निर्माण मंत्री ने सभी पुलिसकर्मियों को नए प्रशासनिक भवन के लिए बधाई देते हुए कहा कि पुलिस के कर्मचारी सप्ताह के सातों दिन मेहनत से काम करते हैं, जिसे समझते हुए मनोहर सरकार ने उन्हें सप्ताह में एक दिन का अवकाश देना शुरू किया है।
यही नहीं, पुलिस कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा के प्रबंध भी किए जा रहे हैं ताकि वे अपने परिवार के साथ रह सकें। उन्होंने कहा कि पुलिस सरकार का दिखने वाला चेहरा होता है।
पुलिसकर्मी जनहित में जनभावना से काम कर लोगों में लोकप्रियता हासिल करें और प्रत्येक कर्मचारी संकल्प करे कि वह अब और अधिक सत्यनिष्ठा और जनहित की भावना से प्रेरित होकर ड्यूटी निभाएगा।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर कहा कि हम सभी को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए साल में कम से कम एक बार पौधारोपण अवश्य करना चाहिए।