राजधानी की लाइफ लाइन दिल्ली मेट्रो ने अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। मेट्रो शुरू होने के साथ ही मंगलवार को कुतुब मीनार और लाल किला देखने वालों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। माना जा रहा है कि आज से ब्लू लाइन मेट्रो शुरू हो जाने के बाद लोगों की संख्या और बढ़ जाएगी।
गौरतलब है कि लगभग साढे़ 5 महीने से दिल्ली-एनसीआर के लोग कोरोना के कारण घरों में कैद होने पर मजबूर थे, लेकिन अब अनलॉक-4 में दिल्ली मेट्रो ने अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। ऐसे में लोग भी घरों से निकलने लगे हैं।
मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग मेट्रो से सफर करके कुतुब मीनार देखने पहुंचे। दोपहर करीब 2 बजे तक यहां ढाई सौ से अधिक लोग पहुंच चुके थे। लगभग 2 दिन पहले इतने लोग पूरे दिनभर में यहां आए थे। बातचीत के दौरान यहां के एक कर्मचारी ने बताया कि सप्ताह के अंत तक यह संख्या और बढ़ जाएगी।
सोमवार को बंद रहने के बाद मंगलवार को लाल किला खुला, तो यहां भी सैलानियों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। दोपहर करीब 3 बजे तक यहां 350-400 लोग आ चुके थे। क्यूआर कोड से टिकट बुक करने में लोगों की मदद कर रहे सुरक्षा गार्ड ने बताया कि शाम तक यह संख्या 550 तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि बुधवार से ब्लू लाइन मेट्रो शुरू हो जाने के बाद भीड़ और बढ़ जाएगी।
अधूरा है 1500 लोगों का लक्ष्य
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (एएसआई) ने कुतुब मीनार, लाल किला समेत दूसरे पर्यटक स्थलों को खोलने के साथ यहां प्रतिदिन 1500 लोगों के आने की सीमा तय कर रखी है, लेकिन तय सीमा के अनुसार किसी दिन इसके आधे लोग भी यहां नहीं पहुंचे हैं। मेट्रो की सेवाएं शुरू हो जाने के बाद उम्मीद है कि जल्द यह लक्ष्य पूरा हो पाएगा।