प्रस्तावित सर्किल रेट की सूची जिला प्रशासन ने सरकारी वेबसाइट एनआईसी पर अपलोड कर दी है। प्रस्तावित सूची पर विभाग की ओर से अब जनता से आपत्तियां मांगी गई हैं।
एआईजी स्टांप जीपी सिंह का कहना है कि कोई भी व्यक्ति इंटरनेट या फिर आफिस में आकर अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। 26 जुलाई को इसी सिलसिले में कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और आपत्ति दर्ज कराने वाले लोगों बैठक होगी।
एआईजी स्टांप ने बताया कि एक अगस्त से नए डीएम सर्किल रेट जिले भर में लागू किए जाने हैं। इसके लिए पिछले करीब एक माह से कवायद चल रही है। पहले चरण में सभी सब-रजिस्ट्रारों से प्रस्तावित रेट सूची मांगी गई थी।
अब इस तैयार प्रस्तावित सूची पर पर जनता और जनप्रतिनिधियों से आपत्तियां मांगी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति सब-रजिस्ट्रार और उनके कार्यालय में आकर प्रस्तावित सूची देख सकता है और अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकता है। इसके अलावा घर बैठे ही सूची को इंटरनेट के माध्यम से भी देखा जा सकता है।