लड़की से बातचीत को लेकर दो युवक आपस में भिड़ गए। उनके बीच जमकर मारपीट हुई। इसके बाद एक युवक ने फरीदाबाद स्थित एनआईटी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दोनों युवक फरीदाबाद के निवासी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभात शर्मा परिजनों के साथ सेक्टर-21बी में रहता है।
पुलिस के मुताबिक वह नोएडा स्थित एक निजी कॉलेज में पढ़ाई करता है। प्रभात ने बृहस्पतिवार को थाना एनआईटी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 नवंबर को सेक्टर-28 निवासी अयान मुखर्जी ने उसके साथ मारपीट की।
जांच अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता से पूछताछ में पता लगा कि 18 नवंबर को दोनों युवक नोएडा में थे। इसी बीच इनके बीच कॉलेज में ही पढ़ने वाली एक छात्रा से बातचीत करने को लेकर कहासुनी हो गई।
बात इतनी बढ़ी कि दोनों में जमकर मारपीट हुई। फिलहाल पुलिस ने प्रभात की ओर से मिली शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया है। दूसरे पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दी गई है।