पुन्हाना खंड में हुए पहले चरण के पंचायत चुनाव की प्रक्रिया के बाद फिरोजपुर झिरका खंड में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
17 जनवरी को दूसरे चरण में होने वाले पंचायत चुनावों के मद्देनजर चुनाव लड़ने के इच्छुक उमीदवारों ने पुन्हाना खंड में चुनावों के संपन्न होते ही अपनी सरगर्मीयां बढ़ा दी हैं।
वहीं जिला प्रशासन ने भी इस क्रम में फिरोजपुर झिरका खंड में चुनावों को शांतिपूर्ण कराने के लिए अपना प्रयास तेज कर दिया है। इस संदर्भ में जिला प्रशासन के आलाधिकारी क्षेत्र के गांवों का दौरा कर लोगों से शांतिपूर्वक चुनाव कराने की कोशिश में जुट गए हैं।
17 जनवरी को खंड फिरोजपुर झिरका व नगीना में होने वाले चुनावों के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस प्रशासन की उन गांवों पर कड़ी नजर है जिन गांवों को अतिसंवेदनशील या फिर संवेदनशील घोषित किया हुआ है।
इसके लिए पुलिस के अधिकारी उक्त गांवों में जाकर ग्रामीणों से पंचायत चुनावों को शांतिपूर्वक कराने के लिए बेहतर प्रयास में लगे हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक फिरोजपुर झिरका खंड में 17 संवेदनशील और 12 अतिसंवेदनशील बूथ हैं। इनमें प्रमुख रूप से बीवां, साकरस, हसनपुर बिलोंडा, भाकडोजी, घाटा शमशाबाद, अगोन, पाठखोरी, रनियाला और बसईमेव ऐसे गांव हैं जिन्हें अतिसंवेदनशील बूथों की श्रेणी में रखा गया है। वहीं 17 गांवों में मंहू, बघोला, दोहा, अलीपुर तिगरा, भोंड, सिधरावट, माहौली, शेखपुर, खेड़लाखुर्द, नसीरबास, अहमदबास, कोलगांव तथा पथराली आदि बूथ हैं।