तावडू-पटौदी रोड स्थित झामूवास आईटीआई के समीप कार द्वारा टक्कर मार देने से एक कंपनी के सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक मौके से भाग गया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परिजन के बयान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
तावडू के मोहल्ला जटवाड़ा निवासी विनोद सिंह ने पुलिस को बताया कि वह बिलासपुर रोड पर प्राइवेट कंपनी आईटीसी अरविंद लाइफ स्टाइल में बतौर सुरक्षा गार्ड लगा हुआ है।
उसके रिश्ते के भाई का लड़का राजीव भी उसके साथ कंपनी में सुरक्षा गार्ड था। वह दोनों रविवार रात्रि करीब 9:00 बजे अपनी अपनी मोटरसाइकिलों से कंपनी से अपने घर आ रहे थे।
जब वह झामुवास आईटीआई के समीप पहुंचे तो तावडू की तरफ से अल्टो कार के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाते हुए विपरीत दिशा में आकर राजीव की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मोटसाइकिल सड़क के साथ गड्ढ़े में एक बिजली के पोल से जा टकराई। गंभीर चोट लगने के कारण राजीव की मौके पर मृत्यु हो गई। पुलिस ने विनोद के बयान पर अज्ञात कार चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।