-सीएम रेखा गुप्ता ने कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा, शिविरों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर शनिवार को हर-हर महादेव के जयघोष से माहौल शिवमय हो गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिलशाद गार्डन के पास अप्सरा बॉर्डर स्थित कांवड़ सेवा शिविर पहुंचकर गंगाजल लेकर दिल्ली में प्रवेश कर रहे शिवभक्तों का स्वागत किया। उन्होंने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया और उनकी यात्रा के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर कांवड़िया भगवान भोलेनाथ का स्वरूप है और उसकी सेवा करना सौभाग्य की बात है।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में संचालित कांवड़ शिविरों का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का प्रयास है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी शिवभक्त या सेवा शिविर को परेशानी न हो। सीएम ने कहा कि सावन में हजारों शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल अपने गंतव्य तक जाते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। कांवड़ यात्रा आस्था, श्रद्धा और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस बार बड़ी संख्या में महिलाएं भी कांवड़ यात्रा में शामिल हो रही हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराया जाए।