पुलिस ने जेपी इंफ्राटेक के निजी सुरक्षा कर्मीयों की मदद से किसी तरह से तीनों को कार से निकाल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
रविवार रात यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा होने से बच गया। जेवर टोल से ग्रेटर नोएडा की तरफ 35 किलोमीटर माइल स्टोन के पास थार कार आगे चल रहे किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त होने की वजह से तीनों लोग कार में ही फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों और जेपी इंफ्राटेक के निजी सुरक्षा कर्मीयों की मदद से तीनों को किसी तरह से बाहर निकालते हुए जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया।
विज्ञापन
पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब दस बजे आगरा से दिल्ली जा रहे लालगंज रायबरेली निवासी मानवेंद्र पुत्र राघवेंद्र, जयेंद्र व जवाहर नगर, कानपुर निवासी धनराज पुत्र शिवेंद्र अपनी थार कार से दिल्ली की तरफ जा रहे थे। रास्ते में जेवर इंटरचेंज के समीप उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कार सवार तीनों लोग कार में ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जेपी इंफ्राटेक के निजी सुरक्षा कर्मीयों की मदद से किसी तरह से तीनों को कार से निकाल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने थार को एक्सप्रेस वे से हटाते हुए यातायात को सामान्य करा दिया है।