गुड़गांव से सटे पुन्हाना इलाके के रहीड़ा गांव में चुनाव के दौरान हुए झगड़े को लेकर दोबारा शुक्रवार को गांव में तनाव पैदा हो गया। एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष पर पथराव की खबर है। हालांकि, इसमें किसी को गंभीर चोटें नहीं आई हैं।
इस मामले में सूचना मिलते ही पुलिस के जवान भारी संख्या में गांव में तैनात कर दिये गए। पुलिस बल शाम तक गांव में डटा रहा। इस घटना से गांव के लोग भयभीत हैं। विधानसभा पुन्हाना के गांव रहीड़ा में सुबह लगभग आठ बजे दोनों पक्षों में जबरदस्त पथराव हुआ जिसमें दोनों पक्षों के लोगों ने अपने घर में छुपकर जान बचाई।
इसमें किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नही है, जबकि गांव के कई लोगों को मामूली चोटें जरूर आई हैं। झगडे़ का कारण एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष को पानी नहीं भरने देना व उनके घर की बिजली की लाइन काटना बताया जा रहा है। पानी न भरने देने को लेकर उनमें कहासुनी हो गई। इसके बाद उनमें पथराव शुरू हो गया।
गौरतलब है कि 15 अक्तूबर को चुनाव के दौरान दो उम्मीदवारों के समर्थक उस समय उलझ गए जब एक पक्ष के लोग अपना मतदान करने के लिए आए थे। उनमें में कुछ देर तक कहासुनी होती रही। बात बढ़ने पर मतदान केंद्र के बहार पथराव शुरू हो गया। इसमें एक पक्ष के कईलोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका इलाज मांडींखेड़ा के अलआफिया अस्पताल में चल रहा है।