सांसद बांसुरी स्वराज ने शुरू की सीसीटीवी कवच योजना, दिवाली तक 125 मंदिरों और आरडब्ल्यूए को मिलेंगे कैमरा सेट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में अब सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। सांसद बांसुरी स्वराज ने दिवाली के अवसर पर मंदिरों और कॉलोनियों की सुरक्षा को लेकर एक विशेष पहल शुरू की है। उन्होंने घोषणा की है कि दिवाली तक अपने संसदीय क्षेत्र के 125 मंदिरों और आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) को सीसीटीवी कैमरों के पूरे सेट भेंट किए जाएंगे।
इस योजना की शुरुआत बांसुरी स्वराज ने पूर्वी कैलाश स्थित श्री सनातन धर्म सभा, संत नगर से की। उन्होंने पहले सीसीटीवी सेट का लोकार्पण किया और मंदिर समिति को भेंट स्वरूप सौंपा। इस दौरान मंदिर मंदिर सभा के अध्यक्ष सुभाष मल्होत्रा व प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता प्रवीन शंकर कपूर भी मौजूद थे।
बांसुरी ने कहा कि यह केवल तकनीकी सुविधा नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और विश्वास का कवच है। हमारी प्राथमिकता है कि हर मंदिर और हर कॉलोनी सुरक्षित हो, ताकि लोग निश्चिंत होकर पूजा-अर्चना और त्योहार मना सकें। जानकारी के अनुसार, नई दिल्ली क्षेत्र में कई छोटे मंदिर और कुछ कॉलोनियां ऐसी हैं जहां अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। सांसद कार्यालय ने ऐसे 125 मंदिरों और आरडब्ल्यूए की पहचान की गई है जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर यह कैमरा सेट उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें एलईडी, हाई-रेजॉल्यूशन कैमरे, रिकॉर्डिंग यूनिट और स्टोरेज सुविधा शामिल है।
बांसुरी स्वराज ने बताया कि यह पहल न केवल दिवाली सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है बल्कि आने वाले समय में अपराध नियंत्रण और निगरानी के लिए भी सहायक होगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य अगली दिवाली तक नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के सभी छोटे-बड़े मंदिरों को सीसीटीवी कैमरों से लैस करना है।