एनसीआर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सोमवार को बिजली पानी न मिलने से गुस्साए लोगों ने प्रताप विहार बिजलीघर पर हंगामा किया।
वहीं पानी न मिलने से गुस्साईं राकेश मार्ग की महिलाओं ने नगर निगम दफ्तर पर जोरदार प्रदर्शन किया। वहीं कैला भट्टा में भी महिलाओं ने खाली बाल्टियां लेकर प्रदर्शन कर नारेबाजी की।
हंगामे पर बदला ट्रांसफार्मर
बागू कालोनी का ट्रांसफार्मर शनिवार को खराब हो गया था। इससे यहां बिजली नहीं आ रही थी। गुस्साए लोगों ने सुबह 9 बजे प्रताप विहार बिजलीघर पर हंगामा कर डाला। सूचना के बावजूद 11 बजे तक कोई अफसर नहीं पहुंचा और एसडीओ भी चुपके से खिसक गए तो लोगों ने राठी बिजलीघर पर जाकर एक्सईएन आफिस का घेराव कर लिया।
एसई ने तत्काल ट्रांसफार्मर भेजने के आदेश दिए। ट्रांसफार्मर पहुंचने पर ही लोगों का गुस्सा शांत हुआ। एसई एसबी यादव ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के चलते सप्लाई नहीं मिली थी, इससे लोगों में नाराजगी थी। उनको समझाकर शांत किया और दो ट्रांसफार्मर भिजवा दिए गए।
कैला भट्टा में नहीं पानी, बढ़ी परेश्ाानी
छोटा कैला में भी बिजली न आने से बढ़े पेयजल संकट के विरोध में मोहल्ले की महिलाओं ने बाल्टियां लेकर नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि एक सप्ताह से मोहल्ले में पानी के लिए हाहाकार मचा है। अफसर सुनने तक को तैयार नहीं हैं।
महिलाओं ने घेरा निगम दफ्तर
भीषण गर्मी में पानी न मिलने से गुस्साईं राकेश मार्ग की महिलाओं ने पार्षद के शेखर त्यागी के नेतृत्व में निगम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। महिलाओं को दफ्तर खाली मिले तो उन्होंने अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की।
वार्ड-39 के पार्षद शेखर त्यागी का कहना है कि राकेश मार्ग पर पानी का भीषण संकट है। ट्यूबवेल खराब पड़े हैं। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों पर डेढ़ करोड़ की लागत से बिना जरूरत के नाला बनवाने का आरोप लगाया।
उन्होंने निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजेंद्र त्यागी को ज्ञापन दिया। प्रदर्शन में नेहा, विमला, मधु, सुमन, बाला देवी, कमला, विमला, शिखा, दयावती, रीना, कविता, मंजू, शीला, कुसुमलता, शांति देवी मौजूद रहीं।