दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी ने शोभित से दोस्ती तोड़कर नूरउल्लाह मस्जिद, मुस्ताफाबाद, दिल्ली निवासी फैसल से दोस्ती कर ली। ये बात शोभित को नागवार गुजरी। उसने अपने दो दोस्त रियाज व नावेद के साथ मिलकर फैसल पर चाकू से दिनदहाड़े हमला कर दिया। फैसल को तीन से चार चाकू लगे। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सनलाइट कॉलोनी थाना पुलिस ने हत्या की इस गुत्थी को कुछ ही घंटे में सुलझाने का दावा करते हुए हरी नगर आश्रम निवासी फैसल(27) व उसके दोनों दोस्त सराय कालेखां निवासी रियाज(20) और नावेद(21) को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया गया। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि एक युवक को घायलावस्था में एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती किए जाने की सूचना 24 जून को मिली थी।
सूचना के बाद एसआई अतुल प्रभाकर एम्स के ट्रामा सेंटर पहुंचे। पता लगा कि पीड़ित फैसल(21) के पेट समेत कई जगह पर चाकू लगे हुए थे। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो चुकी है। हत्या का मामला दर्जकर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र की देखरेख में एसआई अमित सोलंकी, एसआई दीपक, एसआई अतुल व हवलदार हरिंद्र की टीम ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटना स्थल व आसपास लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी शोभित, रियाज व नावेद को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में पता लगा कि इलाके में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी की आरोपी शोभित से दोस्ती थी। शोभित कुछ करता नहीं था। ऐसे में किशोरी ने उसे छोड़कर फैसल से दोस्ती कर ली। फैसल किशोरी से लगातार मिलता था। ये बात शोभित को अच्छी नहीं लगी थी। वह किशोरी से शादी करना चाहता था। आरोपी ने फैसल व किशोरी को घटना वाले दिन महारानी बाग अंडरपास के पास बात करते हुए देख लिया था। इस पर शोभित ने अपने दोस्त रियाज व नावेद के साथ मिलकर फैसल पर चाकू से हमला कर दिया।