भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि मालीवाल पर हमला केजरीवाल के इशारे पर किया गया और उनके साथ हिंसा की गई। पूनावाला ने कहा कि यह स्पष्ट है, स्वाति मालीवाल पर हमला केजरीवाल के इशारे पर किया गया था, शीश महल अपराध महल है, द्रौपदी चीरहरण की तरह एक महिला राज्यसभा सांसद पर हमला किया गया था।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि मालीवाल को अब उनकी पार्टी चुप रहने या अपनी कहानी बदलने के लिए मजबूर कर रही है, यही कारण है कि उन्होंने पुलिस से संपर्क नहीं किया है। पूनावाला ने कहा कि अब उन पर चुप रहने या अपनी कहानी बदलने के लिए दबाव डाला जा रहा है, जैसा कि AAP के नवीन जयहिंद और नितिन त्यागी के बयानों से स्पष्ट है, इसलिए उन्होंने अभी तक पुलिस से संपर्क नहीं किया है। आप का असली चेहरा सामने आ गया है। यह महिला विरोधी अराजकतावादी पार्टी।
भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि लखनऊ एयरपोर्ट की कल रात की यह तस्वीर। काली शर्ट में बिभव हैं, इन्होंने स्वाति मालीवाल को पीटा था। साथ में संजय सिंह हैं, जिन्होंने कहा था कि बिभव ने स्वाति के साथ बहुत गलत किया। केजरीवाल नाराज हैं, तीसरे खुद अरविंद केजरीवाल, जिन पर मालीवाल को पिटवाने का आरोप है। कपिल ने दावा किया है कि यह फोटो बुधवार रात लखनऊ एयरपोर्ट की है, यहां सपा अध्यक्ष अखिलेश के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने केजरीवाल पहुंचे हैं।
आरोप है कि सीएम केजरीवाल के निजी सहायक ने दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री आवास पर उनके साथ मारपीट की थी। मामले में शुरुआत में चुप्पी साधने के बाद आप ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि सीएम ने घटना का उचित संज्ञान लिया है और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा था कि कल एक घटना हुई। अरविंद केजरीवाल के आवास पर बिभव कुमार (अरविंद केजरीवाल के पीए) द्वारा स्वाति मालीवाल के साथ दुर्व्यवहार की घटना हुई। स्वाति मालीवाल ने इस घटना की सूचना दिल्ली पुलिस को दी। यह एक निंदनीय घटना है। अरविंद केजरीवाल ने घटना का संज्ञान लिया है और सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है।