देश की सेना ने जिस प्रकार से सीमा पार पाक आतंकियों के ठिकानों पर हमला किया उससे हर कोई खुश है। साइबर सिटी के लोग सेना के साहसिक कारनामे से फूले नहीं समा रहे हैं।
बृहस्पतिवार को शहर के अग्रवाल धर्मशाला चौक पर पाकिस्तान के खिलाफ लोगों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए अतिशबाजी की। कहा कि सेना ने देशवासियों का सिर ऊंचा कर दिया है। पाकिस्तान को उसकी औकात याद दिला दी।
भारत माता की जय, जय जवान-जय किसान के नारों के साथ-साथ पटाखों की गूंज से शहर गूंज उठा। हर तरफ जश्न का माहौल था। बच्चे, बड़े और बूढ़े सभी अपने जवानों का गुणगान करते नहीं थक रहे थे।
बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व भाजपा नेता कुलभूषण भारद्वाज बड़ी संख्या में लोगों के साथ शाम को अग्रवाल धर्मशाला चौक पहुंचे। देखते ही देखते वहां लोगों का हुजूम उमड़ आया। पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे काफी देर तक लोग लगाते रहे।
सत्यनारायण यादव ने कहा कि पाकिस्तान पिछले काफी समय से आतंकियों को देश में भेज आतंक का वातावरण बना रहा है। उसके खिलाफ इसी प्रकार की कार्यवाई होनी चाहिए।
मोदी सरकार से लोगों को ऐसी ही उम्मीद थी जिस पर वह खरे उतरे। पाकिस्तान अगर अपनी हरकत से बाज नहीं आया तो उस पर और सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
भाजपा नेता मनीष गाडौली ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान पाकिस्तान पर अंकुश नहीं लगाया गया। लक्ष्मी गार्डन में भी लोगों ने सेना की जीत का जश्न मनाया।
कपिल दुआ ने बताया कि बच्चों से लेकर बड़ों तक में खुशी, उत्साह और गर्व का माहौल रहा। शहर के सेक्टर-40, 57, सुशांत लोग, मालिबु टाउन, सेक्टर-39, डीएलएफ, गांव चक्करपुर, राजेन्द्रापार्क, देवीलाल नगर, वजीराबाद, मानेसर क्षेत्र, झाड़सा, बादशाहपुर सहित अन्य कई इलाकों में लोगों ने सेना की जीत का जश्न मनाया।