सुरीली सांझ में हिमाचल प्रदेश के अभिषेक राणा एंड ग्रुप ने सूफी रॉक बैंड पर सुरीले गानों की शानदार प्रस्तुति से शमां बांध दिया। अभिषेक ने कई बेहतरीन गाने गाकर उपस्थित दर्शकों को मंच पर झूमने के लिए मजबूर कर दिया। मौका था नगर निगम की ओर से सेक्टर-29 स्थित ओपन एयर थिएटर में आयोजित सांस्कृतिक संध्या का।
उन्होंने अपनी मीठी व सुरमयी आवाज में धीरे-धीरे से मेरी जिंदगी में आना...मुस्कुराने की वजह तुम हो..मैं रंग शरबतों का तू मीठे घाट का पानी...तेरी गलियों में रोता हूं...समेत उनकी आने वाली एलबम जहर का गीत सुनाकर लोगों की खूब तालियां बटोरी।
इसके अलावा, उन्होंने पंजाबी, हरियाणवी व हिंदी गानों के सुरों को अपनी आवाज देते हुए पूरे वातावरण को संगीतमय कर दिया। अभिषेक ने हरियाणवी गीत मेरे पाछै-पाछै आवण का भला कुणसा मतलब तेरा सै...सानू इक पल चैन ना आवै सजना तेरे बिना... और जुगनी... सुनाकर उपस्थित दर्शकों को खूब नचाया।
हालांकि शाम को बरसात होने के कारण दर्शकों को थोड़ा संशय जरूर बना कि कार्यक्रम होगा या नहीं, लेकिन इसके बावजूद भी कार्यक्रम में काफी संख्या में दर्शक पहुंचे।