अंग्रेजी विषय पढ़ाने वाली शिक्षिका पर आरोप है कि चंद्रयान के चांद की सतह पर उतरने वाले दिन उन्होंने कक्षा नौ में पढ़ने वाले मुस्लिम छात्रों और उनके धर्म का मजाक उड़ाया था।
गांधीनगर के कैलाश नगर स्थित राजकीय सर्वोदय विद्यालय की एक शिक्षिका पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और बंटवारे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। छात्रों की शिकायत पर गांधी नगर थाना पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
विज्ञापन
अंग्रेजी विषय पढ़ाने वाली शिक्षिका पर आरोप है कि चंद्रयान के चांद की सतह पर उतरने वाले दिन उन्होंने कक्षा नौ में पढ़ने वाले मुस्लिम छात्रों और उनके धर्म का मजाक उड़ाया था। छात्रों का आरोप है कि शिक्षिका हेमा गुलाटी ने देश के बंटवारे के दौरान उनके पाकिस्तान नहीं जाने को लेकर भी टिप्पणी की। शिक्षिका ने कहा कि देश को आजाद करने में मुस्लिमों का कोई योगदान नहीं है। उनके बयान ने हमारी धार्मिक भावनाओं को भी आहत किया। उन्होंने मामले की अपने परिजनों को जानकारी दी। परिवार वालों ने इसका विरोध किया और ऐसी शिक्षिका को स्कूल से तुरंत हटाने की मांग की।
इसके बाद छात्रों ने इसकी शिकायत विभाग और गांधी नगर थाना पुलिस को दी। शाहदरा जिला के पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि शिकायत पर कानूनी राय लेने के बाद सोमवार को इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस शिक्षिका से जल्द पूछताछ करेगी।