ग्रेटर नोएडा के एक छात्र ने दलाल से एडमिशन कराने से इंकार किया तो उसने छात्र के सिर में तमंचा की बट मारकर उसे घायल कर दिया। दलाल से छात्र को उसके साथी ने बचाया।
आरोप है कि उक्त लोगों ने छात्र से लूटपाट का भी प्रयास किया। पीड़ित छात्र की ओर से कोतवाली में घटना की तहरीर दे दी है।
जानकारी के मुताबिक मूलत: बलिया के कासिम बाजार निवासी छात्र विशाल की एक व्यक्ति से ग्रेटर नोएडा के नामचीन कॉलेज में एडमिशन कराने के लिए फोन पर बात हुई थी। वह दलाल ग्रेटर नोएडा में काम करता है।
आरोप है कि बृहस्पतिवार सवेरे छात्र अपने एक दोस्त के साथ ग्रेनो पहुंचा और दलाल को फोन करके परीचौक के पास स्थित एक नामचीन कॉलेज में एडमिशन दिलाने को लेकर बात होने लगी।
लेकिन दलाल ने छात्र से एडमिशन के नाम पर मोटी रकम मांग ली। जिसके बाद छात्र ने उसके द्वारा एडमिशन लेने से इंकार कर दिया। इस बात पर छात्र और दलाल के बीच कहा सुनी होने लगी।
आरोप है कि उसी दौरान दलाल ने छात्र के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी और विरोध किया तो तमंचा निकालकर छात्र के सिर पर बट से हमला कर दिया। जिससे छात्र का सिर फट गया और आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित छात्र ने दलाल के खिलाफ कासना कोतवाली में घटना की तहरीर दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दलालों के झांसे में न आएं छात्र
शैक्षिक सत्र के शुरू होने पर हुई घटना से अंदाजा लग गया है कि एजूकेशन हब में दलाल सक्रिय हो गए हैं। इन दलालों के चंगुल में जो भी छात्र फसेगा उससे रुपये आदि ऐंठ लिए जाएंगे और किसी को एडमिशन नहीं दिलाया जा सकेगा। हरलाल इंस्टीट्यूट के चेयरमैन एचएस बंसल का कहना है कि छात्र और उनके परिजनों को एडमिशन के लिए बडे़ ही सोच समझकर कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि अगर छात्र सीधे कॉलेजों से संपर्क करेंगे तो वह दलालों के जाल में फसने से बच सकेंगे।