मोदीनगर में बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे हाईवे स्थित जीवन नर्सिंग होम के सामने सड़क किनारे खड़े पिता-पुत्र को मेरठ की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया।
गंभीर रूप से घायल बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर है, जिन्हें मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवक की दो दिन पूर्व ही चंडास अलीगढ़ के नवाबगढ़ी गांव में शादी हुई थी तथा वह परिवार में इकलौता बेटा था। पुलिस ने आरोपी चालक को ट्रक सहित पकड़ लिया है।
गांव अमराला निवासी चंद्रबोस चचेरे भाई जीत के साथ बेटे गौरव (22 वर्ष) को दिखाने बाइक से मोदीनगर स्थित जीवन नर्सिंग होम आए थे। यहां से निकल कर गौरव व चंद्रबोस अस्पताल के बाहर ही हाईवे के किनारे खड़े होकर बातचीत ही कर ही रहे थे कि तभी मेरठ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गौरव के सिर के परखच्चे उड़ गए और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल चंद्रबोस को मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चालक सुरेंद्र निवासी निवाड़ी रोड को गिरफ्तार कर लिया है।
इकलौता पुत्र था गौरव
चंद्रबोस के दो संतान है। बड़ी पुत्री है तथा गौरव छोटा था। गौरव मोदी स्टील फैक्ट्री परिसर स्थित बिन मेडिकर फैक्ट्री में कार्यरत था। दो दिन पूर्व ही गौरव व उसके चचेरे भाई मोनू की शादी अलीगढ़ के चंडास नवाबपुर गांव में एक ही मंडप में दो सगी बहनों शशि व चंचल के साथ हुई थी। जैसे ही हादसे की खबर गांव पहुंची तो परिवार में शादी की खुशियां गम में बदल गईं। गौरव की मां व बहन का रो-रो कर बुरा हाल था। परिजनों के मुताबिक चंद्रबोस का एक हाथ पहले से किसी दुर्घटना में कट चुका है जबकि दुर्घटना में उसका दूसरा हाथ भी बुरी तरह से कुचला गया है।