बल्लभगढ़ के गांव सागरपुर और डीग के बीच में बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने स्कूटी सवार एक छात्र को लाठियों से पीट-पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, गांव सागरपुर निवासी 20 वर्षीय राहुल कॉलेज छात्र है। उसके पिता डेरी का काम करते हैं। बुधवार की रात राहुल दवा लेने के लिए डीग गांव जा रहा था।
रात करीब 8:30 बजे एक सुनसान स्थान पर चार नकाबपोश बदमाशों ने राहुल को रोक लिया। उसके रुकते ही बदमाशों ने उस पर लाठियों से हमले शुरू कर दिए।
उसे घायल करने के बाद बदमाशों ने उसकी जेब से पैसे और 20 हजार रुपये का कीमती मोबाइल फोन निकाल लिया। पास के लोग राहुल को पास के अस्पताल ले गए। करीब डेढ़ घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।