लखनऊ मेल के बाद बुधवार को नई दिल्ली-दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस गाजियाबाद में बेपटरी होने से बच गई। तेज रफ्तार दौड़ती ट्रेन के व्हील के ऊपर लगा नट बोल्ट ढीला होकर स्प्रिंग से टकरा गया था।
व्हील के ऊपर लगे स्प्रिंग और नट-बोल्ट से तेज आवाज सुनकर यात्रियों ने रेलवे स्टाफ को सूचना दी तो गाजियाबाद में ट्रेन का इमरजेंसी स्टॉप लिया गया। रेलवे की तकनीकी टीम ने व्हील की जांच कर नटबोल्ट को ठीक किया।
हालांकि नट पूरी तरह ठीक नहीं हो पाया। रेलवे अफसरों ने मामूली सुधार करके करीब 10 मिनट बाद ट्रेन को दरभंगा के लिए रवाना कर दिया। इस नट बोल्ट से किसी हादसा होने की संभावना से रेलवे अधिकारियों ने इंकार किया है।
बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस बुधवार 2:20 बजे नई दिल्ली से चली थी। आनंद विहार और साहिबाबाद स्टेशन के बीच इसके कोच एस-12 के एक व्हील का नट ढीला होकर व्हील स्प्रिंग से टकराने लगा।
खटखट की तेज आवाज सुनकर यात्री डर गए। यात्रियों की सूचना पर रेलवे स्टाफ ने साहिबाबाद स्टेशन पर अफसरों को सूचना दी और ट्रेन को रोकने की अनुमति मांगी।
स्टाप न होने के बावजूद ट्रेन को पहले साहिबाबाद और फिर गाजियाबाद स्टेशन रन-थ्रू लाइन पर ही रोका गया। दोपहर 2.47 बजे साहिबाबाद में ट्रेन को रोका गया।
करीब 25 मिनट तक ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड ने चेकिंग की, लेकिन तकनीकी एक्सपर्ट न होने की वजह से ट्रेन को धीरे-धीरे 3:25 बजे गाजियाबाद स्टेशन पर लाया गया। सूचना पर रेलवे अधिकारी अलर्ट हो गए।
गाजियाबाद में रन थ्रू लाइन पर ट्रेन को रोककर नट को टाइट करने का प्रयास किया गया। चूड़ियां घिस जाने के कारण नट को पूरी तरह ठीक नहीं किया जा सका।
कामचलाऊ हालत में ट्रेन को 3:35 बजे दरभंगा के लिए रवाना कर दिया गया। माना जा रहा है कि नट-बोल्ट खुलकर व्हील में फंस जाता तो चक्का जाम हो जाने से बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस बेपटरी हो सकती थी।