पुलिस अधिकारी के अनुसार, लाल किले पर सोमवार को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में लगभग 7,000 लोग शामिल होंगे। तिरंगा फहराए जाने तक लाल किले के आसपास के पांच किलोमीटर के क्षेत्र को नो काइट फ्लाइंग जोन के रूप में चिह्नित किया गया है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के ड्रोन रोधी सिस्टम भी लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लाल किले पर और उसके आसपास हाई रेज्यूलेशन के सुरक्षा कैमरे लगाए हैं और उनके फुटेज की चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। इस बार समारोह में आमंत्रित लोगों की संख्या बढ़कर 7,000 हो गई है। किले के प्रवेश बिंदु पर भी एफआरएस कैमरे तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लाल किला परिसर में लंच बॉक्स, पानी की बोतलें, रिमोट से नियंत्रित कार की चाबियां, सिगरेट लाइटर, ब्रीफकेस, हैंडबैग, कैमरा, दूरबीन, छाता और इसी तरह की अन्य वस्तुओं की अनुमति नहीं होगी।
विशेष पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने कहा कि दिल्ली में धारा 144 के प्रावधान पहले ही लागू कर दिए गए हैं। 13 अगस्त से 15 अगस्त तक लाल किले पर कार्यक्रम के अंत तक पतंग, ड्रोन, गुब्बारे, चीनी लालटेन और मानव रहित उड़ने वाली वस्तु को उड़ाने की अनुमति नहीं है। इन्हें पकड़ने के लिए लालकिले पर रडार तैनात किए जाएंगे। अगर कोई ऐसा करता हुआ पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके अलावा पतंगों को पकड़ने के लिए 13 व 15 अगस्त को हर बीट में एक बीट सिपाही तैनात किया जाएगा।