नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक सफाई कर्मचारी ने यात्री के साथ दुर्व्यवहार कर दिया। इस हरकत के लिए जब स्टेशन अधीक्षक ने कर्मचारी को टोका तो उनकी झाड़ू से पिटाई कर दी। स्थिति यह थी स्टेशन अधीक्षक को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शिकायत पर जीआरपी ने सफाई कर्मचारी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार जगन्नाथ नाम का अनुबंधित सफाई कर्मी पहाड़गंज की एंट्री साइड में सफाई कर रहा था। किसी बात को लेकर वह एक यात्री से उलझ गया। यात्री से दुर्व्यवहार करते हुए स्टेशन अधीक्षक ने देख लिया। बुधवार देररात करीब 12 बजे स्टेशन अधीक्षक एमएल पवार अपनी ड्यूटी खत्म कर जब बाहर निकले तो सफाई कर्मचारी को फटकार लगाई।
उसकी फोटो खींचकर, ठेकेदार और उच्चाधिकारियों को भेजने लगे। इस बात से नाराज सफाई कर्मी ने उन पर हमला बोल दिया। झाड़ू के हत्थे से सिर पर भी वार किया। अन्य कर्मचारियों ने किसी तरह उसे पकड़कर जीआरपी के हवाले कर दिया।