अमरोहा से लूटपाट करने निकले दो बदमाश लोनी होते हुए दिल्ली के फर्श बाजार पहुंच गए। यहां भोलानाथ नगर स्थित सेंट्रल बैंक में बदमाशों ने एक ग्राहक से 8.89 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद दोनों बदमाश फरार होने लगे। शोरशराबा हुआ तो एक बदमाश को भीड़ व पुलिस ने दबोच लिया।
उसके पास से लूटा गया कैश और हथियार बरामद हुआ। इसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव धनौरा, अमरोहा (यूपी) निवासी विकास के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर साथी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित कारोबारी महेश परिवार के साथ फर्श बाजार इलाके में रहते हैं। इनका इलाके में ही साड़ियों का कारोबार है। बृहस्पतिवार दोपहर को वह भोलानाथ नगर स्थित सेंट्रल बैंक में रुपये जमा कराने आया था। इसी दौरान बैंक में नकाबपोश दो बदमाश पिस्टल लेकर घुस गए।
उन्होंने महेश से 8.89 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी फरार होने लगे। इस बीच एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा बाइक से फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी विकास ने बताया कि उसे और उसके साथी को रुपयों की जरूरत थी। दोनों मंगलवार को लूट के इरादे से ट्रेन से लोनी के बेहटा-हाजीपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। यहां रात दोनों ने रेलवे स्टेशन पर बिताई।
इसके बाद दोनों बेहटा से किसी जानकार की बाइक लेकर दिल्ली के लिए निकले। यहां बृहस्पतिवार दोपहर करीब 3.30 बजे सेंट्रल बैंक पहुंचने पर दोनों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार होने लगे तो शोरशराबा होने पर भीड़, बीट स्टाफ और पीसीआर कर्मियों ने विकास को दबोच लिया। दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।