1984 सिख दंगा मामले की बृहस्पतिवार को अदालत में सुनवाई हुई। सुल्तानपुरी दंगा मामले में चश्मदीद गवाह जोगिंदर सिंह ने बयान दिया कि तत्कालीन कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार दंगा करने वाली भीड़ की अगुवाई कर रहे थे और उसे भड़का रहे थे।
इससे पहले सीबीआई की गवाह चाम कौर भी सज्जन कुमार के खिलाफ ऐसा ही बयान दे चुकी हैं। दिल्ली छावनी सिख दंगा मामले में हाईकोर्ट से सजा मिलने के बाद सज्जन कुमार 31 दिसंबर, 2018 से जेल में हैं।
पटियाला हाउस अदालत की जिला न्यायाधीश पूनम ए. बांबा के समक्ष गुरुवार को सीबीआई के गवाह जोगिंदर सिंह ने बयान दर्ज करवाया। उसने बयान में कहा कि वह पुलिस से शिकायत करने गया था, लेकिन पुलिस ने सज्जन कुमार का नाम लिखने से इंकार कर दिया। सज्जन भीड़ की अगुवाई कर रहे थे और उसे भड़का रहे थे।
सुल्तानपुरी दंगों में जोगिंदर सिंह के भाई की हत्या कर दी गई थी। कोर्ट के समक्ष तरन्नुम चीमा ने जोगिंदर का बयान दर्ज करवाया। कोर्ट ने मामले में अगली सुनवाई के लिए नौ अप्रैल व जोगिंदर सिंह से बचाव पक्ष की जिरह के लिए 11 अप्रैल की तारीख तय की है। इस मामले में सज्जन कुमार, ब्रह्मानंद गुप्ता व वेद प्रकाश पर मुकदमा चल रहा है।