त्योहारी सीजन में घर जाने के लिए रेल यात्रियों को अलीगढ़ रूट पर परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। रेलवे ने गाजियाबाद और अलीगढ़ के बीच स्पेशल ईएमयू चलाने का निर्णय लिया है।
20 अक्तूबर से 30 अक्तूबर तक 11 दिन चलने वाली यह ईएमयू ट्रेन दोनों शहरों के बीच पड़ने वाले सभी स्टेशनों पर रुकेगी। रेलवे ने रक्षाबंधन पर भी गाजियाबाद से अलीगढ़ तक स्पेशल ट्रेन का संचालन किया था।
दरअसल, दादरी, सिकंदराबाद, खुर्जा, अलीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में गाजियाबाद और दिल्ली में रहते हैं। ऐसे में त्योहारों पर इस रूट पर जबरदस्त भीड़ रहती है।
यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे ने यह स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। 20 अक्तूबर को गाजियाबाद स्टेशन से पहली स्पेशल ईएमयू ट्रेन (04436) सुबह 10:35 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:55 पर अलीगढ़ पहुंचेगी।
दोपहर 1:05 बजे अलीगढ़ से वापस चलेगी और 3:15 बजे गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंचेगी। उत्तर रेलवे के पीआरओ एएस नेगी ने बताया कि दिवाली से पहले ही अलीगढ़ रूट पर बड़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए ईएमयू का संचालन किया जाएगा।