त्योहारों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रख मंगलवार को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की गई। बैठक में सुरक्षा, समय-पालन, छठ एवं दीपावली त्योहार के दौरान भीड़भाड़ प्रबंधन पर विशेष चर्चा की गई। उतर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल ने कोरोना संक्रमण को लेकर खास एहतियात बरतने को कहा।
समीक्षा बैठक में गंगल ने रेल ट्रैक के साथ ही यार्ड के भीतर दुर्घटनाओं में कमी लाने का निर्देश दिया। सभी रेल मंडलों को समन्वयन पर विशेष जोर देने को कहा गया। समीक्षा बैठक में दिल्ली एरिया के स्टेशनों पर छठ एवं दिवाली के दौरान होने वाली भीड़भाड़ की व्यवस्था की भी समीक्षा की।
गंगल ने सुरक्षा एवं सफाई के साथ ही कोविड-19 प्रोटोकाल को ध्यान में रखते हुए भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक हुआ तो यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त आरक्षित विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी और स्टेशनों पर अतिरिक्त काउंटर स्थापित किए जाएंगे। उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए खास प्रबंधन पर जोर देने को कहा। समीक्षा बैठक में मालभाड़ा व्यवसाय की हिस्सेदारी को बढ़ाने, कस्टमर मैपिंग एवं नये व्यवसाय अवसरों की तलाश करने को कहा गया।
सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने ट्रैक, वेल्ड के रखरखाव मानक को सुधारने और ट्रैक के नजदीक पड़े स्क्रैप को हटाने के लिए जोन के भीतर किए गए कार्यों की भी समीक्षा की। सभी डिविजनों को सुरक्षा बढ़ाने के लिए अभियान चलाने और जहां जरूरी हो अपने स्टाफ को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।