दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉन कॉलिजिऐट वूमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में तीन कट ऑफ के दाखिले समाप्त हो गए हैं। इसके बाद भी दाखिले की गुंजाइश है। ऐसे में अब पांच सितंबर को एनसीवेब की स्पेशल कट ऑफ जारी की जाएगी। इस कट ऑफ में एक से चार फीसदी तक की गिरावट होने की संभावना है। स्पेशल कट ऑफ के तहत दाखिला लेने के लिए दो दिन मिलेंगे। छात्राएं छ सितंबर सुबह 10 बजे से सात सितंबर रात 11:59 मिनट तक दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
स्पेशल कट ऑफ के तहत वह ही छात्राएं दाखिले के योग्य होंगी जो इससे पहले जारी हो चुकी पहली, दूसरी व तीसरी कट ऑफ में दाखिला नहीं ले सकी या जिनका दाखिला नहीं हुआ। पहले जारी हो चुकी तीनों कट ऑफ में जिनका दाखिला हो गया वह छात्राएं इस कट ऑफ में दाखिले के योग्य नहीं होंगे। इस कट ऑफ के तहत कॉलेज सेंटर आठ सितंबर शाम पांच बजे तक दाखिले को मंजूरी देंगे। इसके बाद नौ सितंबर शाम पांच बजे तक फीस का भुगतान किया जा सकेगा।
इस स्पेशल कट ऑफ की दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने के बाद 12 सितंबर को चौथी कट ऑफ जारी की जाएगी। इस कट ऑफ में भी छात्रों को दाखिला लेने के लिए 13 व 14 सितंबर दो दिन ही मिलेंगे। कॉलेज दाखिले को मंजूरी 15 सितंबर को देंगे जबकि फीस का भुगतान 16 सितंबर शाम पांच बजे तक किया जा सकेगा। मालूम हो कि एनसीवेब में केवल छात्राएं ही कट ऑफ से दाखिला ले सकती हैं। नियमित कॉलेजों में दाखिला नहीं होने पर छात्राएं दाखिले के लिए एनसीवेब का ही रुख करती हैं।