वायरल हो रहा वीडियो गाजियाबाद का बताया जा रहा है। करीब 36 सेकेंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति हाथों में फूल लेकर मुलायम सिंह यादव की तस्वीर की ओर बढ़ता है और फूल अर्पित करता है। इसके बाद वह भावुक होकर रोने लगता है। कुछ देर बाद वह जमीन पर गिर जाता है और फूट-फूटकर रोने लगता है। यह सब देखकर वहां मौजूद अन्य लोग उसे जमीन से उठाते हैं और सहारा देते हुए उसे शांत कराते हैं।
2019 में गांधी जयंती पर बापू की प्रतिमा के आगे फूट-फूटकर रोए थे सपा नेता
आज से करीब चार साल पहले यानी 2 अक्तूबर 2019 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश के चंदौसी जिले में सपा नेता फिरोज खां गांधी प्रतिमा के चरणों में बैठकर फूट-फूटकर रोने लगे थे। वहां मौजूद अन्य नेताओं ने भी उनका साथ दिया था और वह भी रोने लगे थे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस दौरान सपा नेताओं ने कहा था कि गांधी के देश में दलितों, अल्पसंख्यकों के साथ भेदभाव और अत्याचार हो रहा है। इसके बाद अन्य साथियों ने उन्हें चुप कराया था और कहा था कि गांधी के देश में किसी के साथ भेदभाव और अत्याचार नहीं होना चाहिए।