दुष्कर्म पीड़ित मासूम के स्वास्थ्य की जानकारी लेने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पहुंचे। दोनों ने वहां इलाज कर रहे चिकित्सकों से बातचीत की और स्वास्थ्य की जानकारी ली।
पीड़ित बच्ची 18 मई से एम्स के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में गंभीर हालत में भर्ती है। एम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. डीके शर्मा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में बच्ची की दो मामूली सर्जरी हो चुकी है। संभव है कि अगले कुछ दिनों में एक रि-कंस्ट्रक्टिव सर्जरी भी की जाए।
डॉ. शर्मा ने बताया कि बच्ची की हालत स्थिर है, इसी वजह से उसे चिकित्सकों की गहन निगरानी में रखा गया है। पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के चिकित्सकों की देखरेख में इलाज किया जा रहा है। दुष्कर्म पीड़ित बच्ची के मंदबुद्धि होने की बात कही जा रही है, लेकिन डॉ. शर्मा ने इस बात से इंकार किया।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बच्ची से मिलने के बाद मीडिया से कहा कि उसकी हालत खराब है और वह मौत से जंग लड़ रही है। उन्होंने कहा कि हमारे हाथ में ज्यादा कुछ नहीं है। दिल्ली को अभी पूर्ण राज्य का दर्जा नहीं मिला है। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिलने का समय मांगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय स्तर पर एजेंसियां जनता के साथ मिलकर काम करें तो स्थिति सुधरेगी।