पुलिस के मुताबिक, 14 मार्च की शाम लगभग 06:33 बजे हिमालया अपार्टमेंट, सेक्टर-22, द्वारका से आत्महत्या की घटना की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पाया कि लगभग 65 वर्ष की एक महिला का शव बिस्तर पर पड़ा था, उसकी गर्दन पर चोट के निशान थे और नाक से खून बह रहा था।
वहीं छानबीन के दौरान ड्राइंग रूम से गोलियों के सात खाली पैकेट भी मिले और दीवार पर एक सुसाइड नोट भी मिला है। मृतक की पहचान बसबी विश्वास के रूप में हुई है। मामला संदिग्ध होने पर विस्तृत जांच की गई।
पूछताछ में वृद्धा के बेटे अनिर्बान विश्वास ने बताया कि 13 मार्च की रात करीब 10 बजे उसकी मां ने हाइपरटेंशन की 70 गोलियां लीं और अगली सुबह तक उसकी मां जिंदा थी। वह तड़प रही थीं। उसने मां का ऐसा हाल देखकर उनके गले में रस्सी बांध दी और फिर उनकी गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद उसने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। पुलिस ने उसी दिन हत्या का मामला दर्जकर आरोपी अनिर्बान को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि पति की मौत के बाद से मां-बेटे आर्थिक तंगी से परेशान थे। बेटे के मुताबिक दोनों ने सुसाइड करने का फैसला किया था लेकिन नतीजा कुछ और निकला।