महरौली थाना इलाके में बृहस्पतिवार रात को शादी समरोह में युवक से गोली चल गई। गोली युवक की मां के सिर में जा लगी। मां को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। महरौली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस शादी का वीडियो देखकर ये पता करने का प्रयास कर रही है कि युवक से गोली गलती से चली थी या फिर उसने जान बूझकर चलाई थी। इस मामले में पुलिस शादी में शामिल हुए लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक बृहस्पतिवार रात बहादुरगढ़ निवासी हिमांशु की मातांगी भवन छत्तरपुर मंदिर में शादी थी। इस शादी में गुरुग्राम से हिमांशु की ताई सुषमा(54) भी आई हुई थी। सुषमा शादी समारोह में कुर्सी पर बैठी हुई थी। तभी उसके बेटे पीयूष से पिस्टल से गोली चल गई। गोली सुषमा के सिर में जा लगी। गोली चलते ही समारोह में सन्नाटा पसर गया। सुषमा को फोर्टीज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।