एनआईटी निवासी गुरमीत कौर ने बताया कि उनकी मथुरा रोड पर एयूओएन इंडस्ट्रीज के नाम से कंपनी है। जिसमें ऑटो पार्ट्स बनाते हैं। उनके चार बच्चे हैं। जिसमें से एक बेटा सेक्टर-78 स्थित ओमेक्स स्पा विलेज में रहता है। वहीं छोटा बेटा पुरी वीआईपी में रहता है। उनके छोटे बेटे की शादी 2017 में हुई थी। जिसके पास कोई काम न होने के कारण उन्होंने कंपनी में काम करने के लिए रख लिया।
प्रॉपर्टी विवाद के चलते एक महीने पहले चारों बच्चों का सेटलमेंट कर दिया और मनदीप सिंह को अलग से काम करने के लिए बोल दिया। 17 सितंबर को उनके पास सुरक्षा सुपरवाइजर का फोन आया कि सुरक्षा कर्मी फोन नहीं उठा रहा है। जिस पर सुपरवाइजर कंपनी में देखने के लिए आए तो कंपनी में उनकी बेटा मनदीप सिंह, उसकी पत्नी जसवीन कौर, कोषाध्यक्ष अमित और अन्य 8-10 बदमाश मौजूद थे।
उन्होंने सुरक्षाकर्मी को बंधक बनाकर मारपीट की और फोन छीन लिया। इसके अलावा कंपनी के अंदर रखे जरूरी दस्तावेज और कीमती सामान को चोरी करने की कोशिश की गई। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। आरोप है कि पुलिस के सामने ही आरोपी बेटे व बहू ने मां गुरमीत के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपी गुरदीप तेवतिया व आकाश को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य आरोपी मौका देखकर फरार हो गए।