बल्लभगढ़ में ट्रेनों में मोबाइल और पर्स की झपटमारी करने वाले एक बदमाश को जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे 2500 रुपये, पर्स और 11 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पकड़ा गया झपटमार उड़ीसा का मूल निवासी है।
फिलहाल में वह अर्थला, मोहननगर गाजियाबाद में रहकर एनसीआर में घटनाओं को अंजाम देता है। इसके पहले भी उसे झपटमारी के आरोप में पकड़ा जा चुका है।
ज्ञात हो कि 22 जनवरी को दिलशाद गार्डन, दिल्ली निवासी अमिता गौड़ ने ई-मेल भेजकर जीआरपी को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
अमित गौड़ एक कंपनी में एकाउंटेंट हैं। वह नवंबर 2015 में जबलपुर गई थी। वहां से वह 7 नवंबर की तड़के चार बजे जबलपुर एक्सप्रेस के कोच नंबर एस-2 में खिड़की के पास बैठकर यात्रा कर रही थी।
बताया जाता है कि ट्रेन जब बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची तो ट्रेन की गति कम होने का फायदा उठाते हुए एक बदमाश खिड़की में हाथ अंदर डालकर उनका पर्स चोरी करके भाग गया था।
चौकी प्रभारी सोहनपाल ने बताया कि पीड़िता को पूर्व में पकड़े गए बदमाशों के जब फोटो दिखाए गए तो उसने रामदास नामक झपटमार की पहचान की। जांच में पता लगा लिया कि रामदास चोरी के मोबाइल व पर्स झपटने के मामलों में पहले भी पकड़ा जा चुका है। उसे 25 जनवरी को एक मामले में अदालत में पेश होना था।
यह पता लगने के बाद जीआरपी ने रामदास को उस वक्त कोर्ट परिसर की कार पार्किंग के पास से गिरफ्तार कर लिया, जब वह पेश होकर लौट रहा था। जीआरपी उससे पूछताछ कर रही है।