इलाहाबाद हाईकोर्ट में फांसी को उम्रकैद में तब्दील किए जाने वाली जनहित याचिका पर सुनवाई के लिए 24 नवंबर नियत होने के बाद निठारी कांड का आरोपी सुरेंद्र कोली शनिवार को काफी निश्चिंत नजर आया।
शनिवार को निठारी कांड के ही दो अन्य मामलों में पेशी पर आया सुरेंद्र कोली सीबीआई कोर्ट मुस्कुराते हुए पहुंचा। इस दौरान उसने कई बार कोर्ट स्टाफ से यह पूछा कि उसकी फांसी कब तक टल गई है।
हालांकि फिर खुद ही स्टाफ को यह भी बताया कि 24 नवंबर तक हाईकोर्ट ने फांसी को स्टे कर दिया है। डासना जेल की हाईसिक्योरिटी बैरक में बंद निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली को शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच सीबीआई विशेष न्यायाधीश एके गुप्ता की कोर्ट में पेश किया गया।
निठारी कांड केदो मामलों में शनिवार को सुनवाई होनी थी। विशेष न्यायाधीश के ट्रेनिंग अवकाश के चलते मामलों की सुनवाई 15 नवंबर तक टल गई। कोर्ट में साइन करने पहुंचा कोली मुस्कुरा रहा था।
जेल से ही वह क्लीन शेव कराकर आया था। जबकि पिछले कई दिनों से टेंशन के चलते उसने दाढ़ी बढ़ा रखी थी। कोली ने विभिन्न समाचार पत्र भी मंगाकर पढे़।
सीबीआई ने कोर्ट में दाखिल किया सुप्रीम कोर्ट का आदेश
कोली के डेथ वारंट से संबंधित स्टे को सुप्रीम कोर्ट के द्वारा हटाए जाने संबंधी आदेश को सीबीआई ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया। सीबीआई के स्पेशल पीपी जेपी शर्मा शनिवार सुबह सुप्रीम कोर्ट का आदेश लेकर पहुंचे और कोर्ट में दाखिल कर दिया।