अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए प्लान तैयार किया गया है। प्रशासन ने सूरजकुंड रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं।
एक से 15 फरवरी तक सूरजकुंड रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। जिला उपायुक्त चंद्रशेखर ने बताया कि मेला प्रशासक की तरफ से संज्ञान में लाया गया था कि मेले के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही होने से पर्यटकों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
मेला प्रशासन की इस मांग पर अमल करते हुए पंद्रह दिनों के लिए भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। सूरजकुंड रोड पर सुबह 9 बजे से रात 9:30 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
हेलीकॉप्टर से कर सकेंगे मेले का दीदार
सूरजकुंड मेले का दीदार इस बार छह सीटर हेलीकॉप्टर में बैठकर किया जा सकेगा। एविएशन कंपनी के अधिकारी रोहित माथुर ने बताया कि पिछले दो मेलों के दौरान चार सीटर हेलीकॉप्टर की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन पर्यटकों की मांग पर इस बार छह सीटर हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराए जाएंगे।
चार से पांच मिनट की उड़ान होगी। पहली श्रेणी के तहत एक व्यक्ति का किराया 2500 रुपये तय किया गया है, जबकि छात्रों के लिए 2000 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
एक ग्रुप में सुविधा लेने पर 2250 रुपये किराया होगा। इसकी ऑनलाइन बुकिंग भी कराई जा सकेगी। पिछले दो मेलों के दौरान चार सीटर की सुविधा थी, लेकिन पर्यटकों की मांग पर इस बार छह सीटर हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराए जाएंगे।