निवाड़ी कस्बे में एक ऐसी वाल्मीकि बस्ती है जिसमें 15 साल से लोग दीया और लालटेन के जीवन यापन कर रहे हैं। पावर कारपोरेशन ने इस वाल्मीकि बस्ती में खंभे लगाएं, लेकिन आज तक तार नहीं बिछाए। बृहस्पतिवार को समस्या को लेकर भाकियू (भानु) ने कस्बे में पंचायत की।
निवाड़ी कस्बे में वाल्मीकि बस्ती है। इसमें करीब 150 परिवार रहते हैं। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के मेरठ मंडल अध्यक्ष सतेंद्र त्यागी ने पदाधिकारियों के साथ बस्ती में पंचायत कर लोगों की समस्याएं सुनीं।
लोगों ने बताया कि पिछले 15 साल से कालोनी में बत्ती नहीं है। लोग दीया और लालटेन के जरिये ही प्रकाश कर रहे हैं। लोगों की मांग पर 15 साल पहले पावर कारपोरेशन ने बस्ती में खंभे लगाए, लेकिन आज तक न तो ट्रांसफार्मर लगा और न ही तार बिछाए गए।
लोगों ने पंचायत में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का हल नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। पंचायत में जयपाल, मीना, इसरार, सविता, अशोक, राखी, राकेश, कालूराम, मनोज, कैलाश, सलीम, रतन लाल, ममता, अशोक, बेदू आदि मौजूद रहे।
उधर, पावर कारपोरेशन मोदीनगर अधिशासी अभियंता सोमदत्त शर्मा का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। जेई से जांच कर समस्या कर हल करएंगे।