नोएडा शिल्पोत्सव शनिवार से शुरू होने जा रहा है। नोएडा स्टेडियम के रामलीला मैदान में 10 दिन तक चलने वाले इस उत्सव की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है।
शुक्रवार को प्रेसवार्ता में प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण व उत्तर प्रदेश पर्यटन के वरिष्ठ निदेशक अभिलाष शर्मा ने बताया कि शिल्प मेले में कुल 470 स्टॉल लगेंगे, जिनमें 350 स्टॉल शिल्पियों के लिए होंगे। 100 स्टॉल पर्यटन व व्यावसायिक होंगे। बाकी के 20 स्टॉल खानपान से संबंधित होंगे।
उन्होंने बताया कि इस बार दर्शक लखनऊ से दरबार-ए-अवध, अमृतसर से खालसा रसोई के अलावा राजस्थानी व डोमिनोज के व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। सभी स्टॉल शनिवार सुबह तक तैयार हो जाएंगे। रथ पर सवार श्रीकृष्ण और अर्जुन की झांकी भी इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। शिल्प मेले का उद्घाटन आज शाम छह बजे पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश करेंगे।
उन्होंने बताया कि शिल्पोत्सव में प्रवेश के लिए 20 रुपये शुल्क तय किया गया है। पांच साल तक के बच्चों का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। इस बार टिकट की जगह विशेष कूपन और प्रवेश के लिए छह ट्राइपोड ट्रांसलाइट मशीन का प्रयोग किया जा रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए शटल सर्विस का भी इंतजाम है। सुरक्षा के लिहाज से पूरा परिसर सीसीटीवी की जद में होगा।
श्रीलंका छोड़ सार्क देशों का कोई सदस्य नहीं
करीब दो माह पहले जब शिल्पोत्सव के आयोजन की पहली बैठक हुई, तो उसमें दावा किया गया कि इस बार सार्क के सभी सदस्य देश शामिल होंगे, मगर अब श्रीलंका को छोड़कर कोई भी देश इसमें हिस्सा नहीं ले रहा। समय की कमी को मुख्य वजह बताया जा रहा है।
अगले साल तक नोएडा हाट बनेगा
प्राधिकरण के चेयरमैन रमा रमण ने दावा किया कि दिल्ली हाट की तर्ज पर अगले साल तक नोएडा हाट भी बनकर तैयार हो जाएगा। इसमें शिल्पियों को स्थायी प्लेटफॉर्म मिल सकेगा, जिससे वे साल भर अपने हुनर को प्रदर्शित कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि सेक्टर-33 ए में प्रस्तावित नोएडा हाट का लेआउट तैयार किया जा रहा है। 25000 वर्ग मीटर जमीन पहले ही आवंटित की जा चुकी है।