आम आदमी पार्टी (आप) ने बेशक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व पंडित मदन मोहन मालवीय को भारत रत्न मिलने पर चुप्पी साध रखी हो, लेकिन आप की सियासी गतिविधियों से दूरी बनाकर चल रहे वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए दोनों को बधाई दी है।
आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक आशुतोष ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेस में सिर्फ इतना कहा कि भारत रत्न देश-समाज के लिए काम करने वाले नामचीनों को दिया जाना चाहिए। इसे देने में किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भाजपा के नेता रहे हैं, जबकि मदन मोहन मालवीय एक खास विचारधारा के समर्थक रहे हैं। इसके बाद कई सवालों पर आशुतोष ने चुप्पी साध ली। उन्होंने इस पर न तो खुशी जाहिर की और न ही दोनों नेताओं को बधाई दी।
दूसरी तरफ कुमार विश्वास सोशल मीडिया के जरिए इस पर खुलकर बोले। विश्वास ने लिखा, ‘कवि-कुल ज्येष्ठ पंडित अटल बिहारी वाजपेयी जी एवं शिक्षा प्रसार की नव्य-नीति-रीति प्रस्थापक पंडित मदन मोहन मालवीय जी को भारत-रत्न से विभूषित कर के हम सब देशवासी स्वयं गौरवान्वित हुए हैं। आइये, एक दूसरे को बधाई दें।’ इसके बाद विश्वास ने एक कविता भी लिखी। जिसमें अटल जी के स्वास्थ्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई।