नगीना क्षेत्र की युवा पीढ़ी नशे की तरफ बढ़ती जा रही है। शाम होेते ही कई गांवों में शराब, अफीम, गांजा, चरस अवैध रूप से मिलने लगता है। जिन दुकानों पर यह सामान मिलता है, वहां नशे की सामग्री नहीं रखी जाती। जब भी कोई ग्राहक आता है तो उसे घरों से मंगवाकर माल दे दिया जाता है।
खास बात यह है कि बिना जान पहचान वालों से यह लोग इस बारे में ज्यादा बातचीत नहीं करते। पुराने ग्राहकों के मार्फत नये नौजवानों तक कीमत के हिसाब से मात्रा पहुंचती है।
मांडीखेड़ा, नगीना, करहेड़ा, भादस, मरोड़ा, बारा, बदरपुर, गोहाना, बसईखानजादा, झिमरावट, खानपुरघाटी, बड़कली चौक पर कुछ लोग नशे का कारोबार कर रहे हैं। नशे में चूर नौजवान राह चलते लोगों को गालियां देते हैं। क्षेत्रवासी भूरेखां, पूर्व सरपंच उमर मोहम्मद, पार्षद मुमताज अली ने पुलिस प्रशासन से ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। करहेड़ा गांव के पूर्व सरपंच राजपाल बताते हैं कि उनके गांव के बहुत से लोग इस दलदल में फंस चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने इस बारे में कहा कि क्षेत्र के किसी भी गांव में नशीले पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जायेगी। इसके लिए पुलिस विशेष अभियान चलाकर ऐसी दुकानों को बंद कराएगी।