नई दिल्ली। दिलशाद गार्डन की कभी रौनक से भरी रहने वाली मार्केट आज अपराध, ट्रैफिक अव्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रही है।
बुधवार को आयोजित ‘अमर उजाला संवाद’ में स्थानीय व्यापारियों ने अपनी समस्याओं को खुलकर सामने रखा और प्रशासन से त्वरित समाधान की मांग की। दुकानदारों का कहना है कि इलाके में चोरी और लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे व्यापार और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रहे हैं। मार्केट के आसपास के पार्कों और चौराहों पर नशेड़ियों का जमावड़ा भी एक बड़ी चिंता बन गया है। इसके साथ ही ट्रैफिक जाम, भारी वाहनों की आवाजाही और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी से हालात और खराब हो रहे हैं।
व्यापारियों ने बताया कि अवैध रेहड़ी-पटरी के कारण उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है, जबकि शिकायत करने पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। कार्यक्रम में चंद्र प्रकाश, विजय खन्ना, सुशील कुमार, गुरदीप और तिलकराज सहित कई दुकानदार मौजूद रहे। दुकानदारों ने कहा कि वे केवल शिकायत नहीं, बल्कि ठोस समाधान चाहते हैं। उनका मानना है कि राजधानी में व्यापारियों को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलना उनका अधिकार है।
बोले दुकानदार-
मार्केट में चोरी-लूट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। दिन हो या रात, हर समय डर का माहौल बना रहता है। - चंद्र प्रकाश, अध्यक्ष, सर्व व्यापार मंडल, दिलशाद गार्डन
शाम होते ही पार्कों में नशेड़ियों का जमावड़ा लग जाता है। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाकर सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। - विजय खन्ना, दुकानदार
भारी वाहनों की आवाजाही से हादसों का खतरा बढ़ गया है। हाइट बैरियर लगाने की मांग पर अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। - सुशील कुमार, दुकानदार
मार्केट में शौचालय न होने से काफी दिक्कत होती है। ग्राहकों और दुकानदारों दोनों के लिए सुविधा जरूरी है। - गुरदीप, दुकानदार
अवैध रेहड़ी-पटरी से हमारा कारोबार प्रभावित हो रहा है। शिकायत करने पर भी हमें ही धमकाया जाता है। - तिलकराज, दुकानदार