सोमवार को शाहीन बाग इलाके में दक्षिण दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) की ओर से चले अतिक्रमण हटाओ अभियान में आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक अमानतुल्लाह खान के विरोध को लेकर एसडीएमसी के मध्य जोन ने शाहीन बाग थाने में विधायक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है।
सियासी दलों से जुड़े लोग भी कर रहे प्रदर्शन
बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ इलाके और सियासी दलों से जुड़े लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि गरीबों पर बुलडोजर नहीं चलने दिया जाएगा। इस बुलडोजर के नाम से दिल्ली के लोगों को बर्बाद करने का प्लान बनाया गया है। बुलडोजर कार्रवाई से सियासी माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है। देश कानून से चलेगा न कि बुलडोजर से। अतिक्रमण हटाना तो पहले दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष आदेश गुप्ता के घर से हटाएं। संविधान के दायरे में रहकर कार्रवाई की जाए। इस प्रदर्शन में महिलाएं भी मौजूद हैं।
भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
एसडीएमसी के चेयरमैन राजपाल ने बताया कि आज निगम अपना कार्य करेगा। हमारे कार्यकर्ता और अधिकारी तैयार हैं, बुलडोजर की भी व्यवस्था कर ली गई है। चाहे बात तुगलकाबाद, संगम विहार, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी या शाहीन बाग की हो हर जगह से अतिक्रमण हटाया जाएगा। पुलिस ने हमें भारी मात्रा में सुरक्षा मुहैया कराई है।