कल्याणपुरी इलाके में पिज्जा खिलाने का झांसा देकर दसवीं कक्षा की छात्रा से गैंगरेप किया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने उसके मकान मालिक के बेटे सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान मकान मालिक का बेटा अमित कुमार (26), किशन नेगी (35) पंकज मेहता (34) और राजीव उर्फ राजू (20) के रूप में हुई है।
पीड़िता परिवार के साथ खिचड़ीपुर इलाके में रहती है। शुक्रवार को मकान मालिक के बेटे अमित ने उसे पिज्जा खिलाया। इसके बाद 3.30 बजे वह घर से ट्यूशन पढ़ने के लिए निकली तो रास्ते में उसे अमित मिला। अमित ने दुबारा पिज्जा खिलाने के लिए कहा तो वह तैयार हो गई। आरोप है कि अमित छात्रा को बहला-फुसलाकर ईस्ट विनोद नगर के एक फ्लैट में ले गया। वहां राजू, किशन और पंकज पहले से मौजूद थे। वे सभी शराब पी रहे थे। इसी दौरान अमित ने कहा कि दूसरे कमरे में पिज्जा रखा है, वह जाकर खा लो।
पीड़िता दूसरे कमरे में पहुंची तो अमित ने जबरन उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद बारी-बारी से चारों ने वारदात को अंजाम दिया। बाद में उसे जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया गया। वारदात के बाद पीड़िता मां को कॉल करने के बाद सीधे थाने पहुंची। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।