अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में स्कूल वैन में पांचवीं कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। आरोप है कि वैन चालक सोनू (47) और उसका साथी गौरव कई महीनों से छात्रा को धमकाकर वारदात को अंजाम दे रहे थे। डरी हुई छात्रा ने लंबे समय तक इस बारे में किसी को जानकारी नहीं दी।
शुक्रवार को छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपनी क्लास टीचर को पूरी घटना बताई। स्कूल प्रशासन ने तुरंत उसके माता-पिता को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छात्रा की काउंसलिंग कराने के बाद पॉक्सो एक्ट, धमकी देने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
उत्तरी जिला के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि छात्रा उत्तरी दिल्ली में परिवार के साथ रहती है और एक प्रतिष्ठित पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। छात्रा का आरोप है कि आरोपी चालक सुबह उसे घर से स्कूल ले जाता था और छुट्टी के बाद सबसे अंत में घर छोड़ता था। इसी दौरान आरोपी और उसका दोस्त उसके साथ गलत हरकत करते थे।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर आरोपी वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देते थे। इसके चलते वह मानसिक तनाव में थी। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है, हालांकि उन्होंने किसी अन्य छात्रा के साथ ऐसी घटना से इन्कार किया है। पुलिस अब वैन से आने-जाने वाली अन्य छात्राओं की भी काउंसलिंग कर रही है। साथ ही यह जांच की जा रही है कि आरोपी किसी अन्य वारदात में शामिल तो नहीं थे।