काफी समय तक रहा अफरातफरी का माहौल, संदिग्ध बैग में मिले सिर्फ कपड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। कनॉट प्लेस के एन ब्लॉक में शनिवार को एक लावारिस बैग मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत वहां पहुंची और मोर्चा संभालते हुए इलाके को खाली करवाया। साथ ही इलाके की घेराबंदी कर दी गई। थोड़ी देर बाद ही बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, फायर विभाग व आपदा प्रबंधन सहित अन्य संबंधित एजेंसियां भी मौके पर पहुंच गईं। बैग की जांच की गई, तो उसमें सिर्फ पुराने कपड़े रखे मिले। इस सूचना से कुछ समय तक पूरे कनॉट प्लेस में अफरातफरी का माहौल बना रहा।
दिल्ली फायर सर्विस (डीएफएस) के अनुसार कंट्रोल रूम में दोपहर करीब 2 बजकर 41 मिनट पर एक कॉल मिली कि एम व एन ब्लॉक के बीच की रेड लाइट के पास एक लावारिस बैग है। सूचना देने वाले ने बाग में बम होने की आशंका जताई। इसके बाद मौके पर तुरंत दो दमकल वाहनों को भेजा गया। साथ ही, स्थानीय पुलिस ने एन ब्लॉक के पास के इलाके की घेराबंदी की। बरामद बैग फुटपाथ पर रखा हुआ था।
इसके बाद लावारिस बैग की जांच शुरू की गई। लेकिन, उसमें कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ। बैग के अंदर केवल कुछ कपड़े थे। आशंका जताई जा रही है कि कनॉट प्लेस इलाके में आया कोई शख्स फुटपाथ पर ही अपना बैग भूल गया होगा। हालांकि, ऐसा कोई दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिसके आधार पर यह पता लगाया जा सके कि यह बैग किसका था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।