डॉ. संजीव महर्षि बाल्मीकि अस्पताल में पीडियाट्रिशियन के पद पर कार्यरत थे। अस्पताल में लोगों की सेवा करते हुए संक्रमित हो गए थे और 10 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद जिंदगी से जंग हार गए।
स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कोविड-19 की ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमण से जान गंवाने वाले डॉ. संजीव कुमार के परिजनों से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान जैन ने दिल्ली सरकार की तरफ से एक करोड़ रुपए की सहायता राशि का चेक परिजनों को सौंपा।
विज्ञापन
इस मौके पर जैन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि डॉ. संजीव महर्षि बाल्मीकि अस्पताल में पीडियाट्रिशियन के पद पर कार्यरत थे। अस्पताल में लोगों की सेवा करते हुए संक्रमित हो गए थे और 10 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद जिंदगी से जंग हार गए। उन्होंने कहा कि भले ही अनुग्रह राशि परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई नहीं कर पाए, लेकिन मुझे उम्मीद है कि परिजनों को इस आर्थिक मदद से अपना भविष्य संवारने एवं जीवन यापन में थोड़ी सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कई कोरोना योद्धाओं ने मानवता और समाज की सेवा करते हुए अपने जिंदगी गंवा दी। हम दिल से उनकी मेहनत और महामारी से जंग लड़ने के उनके जज्बे को सलाम करते हैं। केजरीवाल सरकार कोविड के दौरान लोगों की सेवा करते हुए, कोरोना संक्रमित होने पर अपनी जान गंवाने वाले कई कोरोना योद्धाओं के परिजनों को अब तक एक-एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि दे चुकी है।
विज्ञापन
जैन मंगलवार को डॉ. संजीव के परिवार से मिलने पश्चिम विहार उनके घर पहुंचे थे। सांत्वना देने के साथ जैन ने भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। दिल्ली सरकार की ये योजना कोरोना योद्धाओं के परिवार को आत्मविश्वास देती है कि सरकार और समाज हमेशा उनके साथ है। पिछले साल 3 मई को कोरोना से डॉ. संजीव की मौत हो गई थी। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चें हैं।