होली पर जीडीए प्रदेश सरकार की समाजवादी आवास योजना के फ्लैट्स की स्कीम का तोहफा देगा। योजना के पहले चरण के 874 फ्लैट्स दिल्ली के करीब इंद्रप्रस्थ योजना में बनेंगे।
यहां पर जीडीए ने पांच एकड़ जमीन चिन्हित कर ली है। 52 से 65 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले फ्लैट्स की कीमत 16 से 22 लाख रुपये होगी। योजना में आवेदन की शुरुआत एक मार्च से हो सकती है। फ्लैट्स के लिए हर आय सीमा वाले आवेदन कर सकेंगे।
प्रदेश सरकार ने मध्यवर्ग के लिए उचित कीमत पर अफोर्डेबल हाउसिंग के अंतर्गत घर उपलब्ध कराने के लिए समाजवादी आवास योजना लागू की है।
योजना के अंतर्गत प्रदेश भर में 15 से 30 लाख रुपये कीमत वाले घर बनाए जाएंगे। किसानों-बिल्डरों के साथ ही जीडीए, आवास विकास परिषद आदि सरकारी विभाग भी योजना के घर बनाएंगे। इन फ्लैट्स को एलआईजी-एमआईजी के जगह समाजवादी आवास के नाम से जाना जाएगा।
इससे पूर्व जीडीए ने मधुबन-बापूधाम में योजना लाने की तैयारी की थी। मधुबन-बापूधाम में अप्रोच रोड समेत कई प्रॉब्लम के मद्देनजर जीडीए ने यहां दूसरे चरण के फ्लैट बनाने का फैसला लिया है।
चूंकि यह प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत है, इसलिए जीडीए अधिकारी कोई रिस्क नहीं ले रहे। पहला चरण को हिट कराने के लिए जीडीए ने योजना की जगह बदल दी।